तलवाड़ी कॉलेज के एनएसएस शिविर का रंगारंग समापन, स्वयंसेवकों ने प्रस्तुत की सामाजिक सरोकारों की झलक
थराली, 31 मार्च (हरेंद्र बिष्ट)। महाविद्यालय तलवाड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने सात दिनों के दौरान की गई गतिविधियों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में आयोजित इस शिविर के समापन अवसर पर पूर्व प्रधान गोपाल सिंह फर्स्वाण, पर्यावरणविद् महिपाल सिंह रावत, प्रभारी प्राचार्य डॉ. शंकर राम तथा अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष संतोष रावत ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, मतदाता जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, बाल श्रम, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ तथा आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रैली, नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके साथ ही सार्वजनिक धारों और नौलों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया।
समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को प्रभारी प्राचार्य डॉ. शंकर राम द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष संतोष रावत, अधिवक्ता यशपाल सिंह फर्स्वाण, थराली प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, कंचन रावत, संदीप कुमार पटवाल, पूर्व छात्र अनिल चंदोला, नवीन चंदोला, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुधा राणा, डॉ. मोहित सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनीश कुमार ने किया।
