कांग्रेस में शामिल हुए दो दर्जन से अधिक सेवानिवृत्त व प्रतिष्ठित अधिकारी
देहरादून, 8 जनवरी। उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गरिमामयी उपस्थिति में लगभग दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस में शामिल हुए अधिकारियों ने पार्टी की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय नेतृत्व राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से प्रीतम सिंह आर्य (पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी, अखिल भारतीय बैंक अधिकारी महासंघ), आज़ाद अहमद सिद्दीकी (सेवानिवृत्त अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक), चंद आर्य (पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, जल निगम उत्तराखंड), वीरेंद्र सौंधी (सेवानिवृत्त अधिकारी, ऑर्डिनेंस विभाग), अमरचंद शाह (सेवानिवृत्त अधिकारी, एसबीआई), संतन सिंह (वरिष्ठ अधिकारी, ऑर्डिनेंस विभाग), सुरेश चंद्र (पूर्व उप प्रबंधक, एसबीआई), सुरेश कुमार (पूर्व जेसीओ, भारतीय वायु सेवा), रघुनाथ लाल आर्य (पूर्व अपर निदेशक, शिक्षा विभाग), दिलीप चंद्र आर्य (पूर्व सीडीओ, विकास निगम), मदन लाल (पूर्व जिला प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग), भरत लाल (पूर्व नायक सूबेदार, गढ़वाल राइफल्स), रघुवीर लाल शाह (पूर्व सब इंस्पेक्टर, उत्तराखंड पुलिस), भरत सिंह (सेवानिवृत्त नायब सूबेदार, भारतीय सेना), वीरेंद्र सिंह (पूर्व डिप्टी रेंजर, वन विभाग), राजेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त, वाईएमसीए), घनश्याम लाल टम्टा (सेवानिवृत्त, एसबीआई), सुचेंद्र सिंह खत्री (एसएसबी) सहित नाथूराम जी व अन्य सम्मानित अधिकारी शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नवप्रवेशी साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड का पढ़ा-लिखा, अनुभवी और जिम्मेदार समाज भाजपा की कथनी और करनी से निराश हो चुका है। सेवानिवृत्त अधिकारियों का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का संकेत है कि प्रदेश बदलाव चाहता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इनके अनुभव, ईमानदारी और प्रशासनिक दक्षता का सम्मान करेगी तथा संगठन को मजबूत करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सेवा निवृत्त अधिकारी समाज की अमूल्य पूंजी होते हैं। प्रशासनिक व्यवस्था की गहरी समझ रखने वाले ये लोग प्रदेश की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस के संघर्ष को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान दौर में संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाएं खतरे में हैं और कांग्रेस ही देश को सही दिशा देने वाली प्रमुख शक्ति है।
कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वे उत्तराखंड की जनता के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध कांग्रेस के संघर्ष में पूरी निष्ठा से भागीदारी निभाएंगे।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर अनुसूचित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मदनलाल, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, देहरादून से महापौर प्रत्याशी एवं प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, सुरेंद्र अग्रवाल, प्रवीण त्यागी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
