उत्तराखंड की रजत जयंती पर पी.जी. कॉलेज नागनाथ पोखरी में साहित्यिक प्रतियोगिताएँ आयोजित

पोखरी, 6 नवंबर (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 25वीं रजत जयंती के उपलक्ष्य में निबंध लेखन, वाद-विवाद तथा स्व-रचित कविता वाचन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रामानन्द उनियाल द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उत्तराखण्ड राज्य के गठन, उसके ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर पर विस्तार से प्रकाश डाला।
स्व-रचित कविता वाचन प्रतियोगिता में शुभम पंत (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) ने “उत्तराखण्ड का सांस्कृतिक महत्व” तथा कु. नेहा (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) ने “उत्तराखण्ड गौरव” विषय पर प्रभावशाली कविताएँ प्रस्तुत कीं। इसके अतिरिक्त कु. स्नेहा, कु. आस्था (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) एवं आदर्श कुमार (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भरा।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रिया (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर), आदर्श (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), वर्षा (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर) और अनुशिखा बर्त्वाल (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) ने अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
इसी क्रम में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में कु. अंशिका (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), कु. निकिता (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर), कु. रिया (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) एवं शिवम पंत (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर) सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या डॉ. रीटा शर्मा ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
