भाजपा में शामिल हुए 9 पंचायत प्रतिनिधि, थराली क्षेत्र में संगठन को मिलेगी मजबूती

थराली, 6 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। थराली विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब एक ब्लॉक प्रमुख, दो नगर पंचायत सभासदों और छह क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विभिन्न दलों को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन जनप्रतिनिधियों के पार्टी में शामिल होने के बाद क्षेत्र में भाजपा की स्थिति और अधिक सुदृढ़ होने की संभावना जताई जा रही है।
सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित किया गया। पार्टी की राष्ट्रवादी नीतियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर नारायणबगड़ के ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, नगर पंचायत नंदानगर की पार्षद दीपा मेंदोली और मंजिला देवी ने भाजपा का दामन थाम लिया।
इसके अलावा नारायणबगड़ विकासखंड के जुनैर वार्ड से क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल कुमार, केवर से हरीश कुमार, झिझोणी से लक्ष्मण सिंह, रैंस से पंकज जोशी, सणकोट से शिशुपाल लाल तथा कोब से दर्शन कोबियाल ने भी भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में पार्टी की सदस्यता ली।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर और फूलमालाओं से स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष, विधायक तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि नौ जिम्मेदार पंचायत प्रतिनिधियों के भाजपा में शामिल होने से थराली विधानसभा क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने नए सदस्यों को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, जड़ी-बूटी सलाह समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री बलवीर घुनियाल, चमोली के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पार्टी में शामिल हुए जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
वहीं, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि इन पंचायत प्रतिनिधियों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी संगठन को क्षेत्र में और अधिक मजबूती मिली है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में अन्य दलों के कई और नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं, जिनसे लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा
