तोणजी में पांडव नृत्य की रंगीन छटा, पूर्व मंत्री भण्डारी ने किए देव दर्शन

दस साल बाद आयोजित पांडव लीला के 13वें दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पोखरी, 18 दिसंबर (राणा)। विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत तोणजी में इन दिनों पांडव नृत्य की रंगीन छटा छाई हुई है। करीब दस वर्ष बाद आयोजित हो रहे इस पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान के तेरहवें दिन पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने तोणजी पहुंचकर पांडव लीला के दर्शन किए और देवताओं से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर राजेन्द्र भण्डारी ने कहा कि सच्ची आस्था और देव दर्शन से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के पारंपरिक आयोजनों से जहां देव संस्कृति का संरक्षण होता है, वहीं सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। देवकार्य में बड़ी संख्या में धियाड़ियों, रिश्तेदारों, नौकरीपेशा लोगों और आसपास के ग्रामीणों की सहभागिता से गांव में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
पलायन की मार झेल रहे पहाड़ी गांव तोणजी में इन दिनों डोल–दमाऊ की थाप से वातावरण गूंज रहा है। तेरहवें दिन भी श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेश-भूषा में पांडव नृत्य लीला का आनंद लिया और सुख-समृद्धि, रिद्धि–सिद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पांडव नृत्य के दौरान विभिन्न पात्रों पर हो रहा देव अवतरण दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पांडव पात्रों में युधिष्ठिर के रूप में दिगपाल सिंह नेगी, भीम के रूप में सूबेदार मातबर सिंह नेगी, अर्जुन के रूप में रमेश नेगी, नकुल के रूप में मुकेश नेगी, सहदेव के रूप में आशीष रौथाड़, कृष्ण के रूप में रोहित रावत, द्रौपदी के रूप में प्रकाश नेगी, बबरीक के रूप में राजेन्द्र नेगी तथा हनुमान के रूप में राजबर सिंह पशवाओं पर अवतरित हो रहे हैं। डोल–दमाऊ वादन की जिम्मेदारी बालक दास, पूरण दास और राजेश लाल निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राजेश्वरी देवी, आयोजन समिति अध्यक्ष सूबेदार मातबर सिंह नेगी, संरक्षक विजयपाल सिंह नेगी, पूर्व प्रधान मुकेश नेगी सहित महिला मंगल दल की पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
