क्षेत्रीय समाचार

पैनखंडा समुदाय ने केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर निकाली जनाक्रोश रैली

ज्योतिर्मठ, 27 फरवरी (कपरुवाण)। भारत-तिब्बत सीमा से सटे सीमावर्ती विकासखंड जोशीमठ के पैनखंडा समुदाय द्वारा विगत आठ वर्षों से स्वयं को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की केंद्रीय सूची में शामिल किए जाने की मांग की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव केंद्र सरकार को न भेजे जाने से आक्रोशित समुदाय ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय ज्योतिर्मठ में विशाल जनाक्रोश रैली निकालकर सरकार को चेतावनी दी।
रैली के माध्यम से समुदाय ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ही राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल किए जाने का प्रस्ताव भारत सरकार को नहीं भेजा गया, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।


पैनखंडा संघर्ष समिति के आह्वान पर आयोजित इस जनाक्रोश रैली में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरा पैनखंडा समाज एकजुट नजर आया। वक्ताओं ने आठ वर्षों से प्रस्ताव लंबित रहने पर राज्य सरकार की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया।
रैली जीआईसी तिराहे से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई तहसील परिसर पहुंची, जहां यह एक विशाल जनसभा में परिवर्तित हो गई। सभा का संचालन ओमप्रकाश डोभाल ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष भरत सिंह कुंवर ने राज्य ओबीसी सूची में समुदाय को शामिल कराने के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिवंगत एडवोकेट रमेश चंद्र सती एवं जवाहर सिंह भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 में सीमांत विकासखंड जोशीमठ के पैनखंडा समुदाय को राज्य की ओबीसी सूची में शामिल किया गया था, जिसका लाभ समुदाय को राज्य स्तर पर प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से ही समुदाय केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल किए जाने की मांग कर रहा है, किंतु राज्य सरकार इस न्यायोचित मांग की अनदेखी कर रही है। आठ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब समुदाय का धैर्य जवाब दे चुका है। यदि शीघ्र प्रस्ताव केंद्र सरकार को नहीं भेजा गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
श्री कुंवर ने रैली में बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति, युवाओं, व्यापारियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्यों, टैक्सी यूनियन प्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग की अपेक्षा जताई।
जनसभा को ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी साह, प्रधान संघ अध्यक्ष मोहन लाल बजवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, संघर्ष समिति के संरक्षक भगवती प्रसाद नंबूरी, नगर भाजपा अध्यक्ष अमित सती, एडवोकेट अरुण कुमार साह, बलबीर सिंह रावत तथा टैक्सी यूनियन अध्यक्ष चंडी बहुगुणा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
सभा के उपरांत एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!