क्षेत्रीय समाचार

नंदादेवी राजजात यात्रा के तहत पिंडर घाटी में चार स्थानों पर पार्किंग निर्माण को स्वीकृति

 

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 1 मार्च। विश्व प्रसिद्ध श्री नंदादेवी राजजात यात्रा के मद्देनज़र पिंडर घाटी के चार प्रमुख कस्बों में पार्किंग स्थलों के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई पार्किंग की गंभीर समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित स्थानों पर पार्किंग निर्माण के लिए धनराशि जारी करने की सहमति प्रदान की है। इस निर्णय पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
पिंडर घाटी में वर्षों से पार्किंग की समस्या बनी हुई है। श्री नंदादेवी राजजात यात्रा 2026 के दृष्टिगत इस दिशा में ठोस पहल की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए स्वीकृत धनराशि के अंतर्गत विकासखंड नारायणबगड़ के भगोती में 94 वाहनों की क्षमता वाले पार्किंग स्थल के निर्माण हेतु 79 लाख 56 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार विकासखंड थराली के अंतर्गत शहीद भवानी दत्त जोशी इंटर कॉलेज परिसर, चेपड़ो में 8 चौपहिया वाहनों की पार्किंग तथा एक विश्राम गृह के निर्माण के लिए 71 लाख 67 हजार रुपये की धनराशि अनुमोदित की गई है।
विकासखंड देवाल के अंतर्गत जनता हाईस्कूल सरकोट में 63 चौपहिया और 9 दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल के साथ दो कक्षों का विश्राम गृह एवं शौचालय निर्माण हेतु 1 करोड़ 14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, पार्किंग समस्या से सर्वाधिक प्रभावित विकासखंड मुख्यालय देवाल में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 11 लाख 31 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन स्वीकृतियों के बाद न केवल पार्किंग समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है, बल्कि नई परिसंपत्तियों के निर्माण से स्थानीय लोगों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
नंदादेवी राजजात यात्रा के अंतर्गत चार स्थानों पर पार्किंग स्थल, विश्राम गृह और शौचालय निर्माण की स्वीकृति पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। वहीं देवाल के प्रमुख तेजपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, भाजपा नेता नरेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र बिष्ट, रमेश गड़िया, गणेश मिश्रा, थराली के भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, महामंत्री केदार जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, रणजीत सिंह नेगी, राकेश भारद्वाज, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी, कुलसारी मंडल अध्यक्ष गिरीश चमोला, नारायणबगड़ के पूर्व प्रमुख यशपाल नेगी, देवेंद्र नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री तथा विधायक भूपाल राम टम्टा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि राजजात से जुड़े अन्य प्रस्तावित कार्यों को भी शीघ्र स्वीकृति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!