चुनावब्लॉगराजनीति

उप चुनाव : राजेंद्र भंडारी का दल बदलना पसंद नहीं आया बद्रीनाथ के लोगों को

-गौचर से दिग्पाल गुसाई-
बद्रीनाथ विधानसभा उप चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई। उप चुनाव में बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजेन्द्र सिंह भण्डारी को 5224 मतों से पराजित किया। जबकि  स्वयं राजेंद्र भंडारी काग्रेस प्रत्याशी के रूप में 2022 के विधान सभा चुनाव में मात्र 2066 मतों से भाजपा के महेन्द्र भट्ट से चुनाव जीते थे।  इस चुनाव नतीजे से निष्कर्ष निकाला जा रहा है कि बद्रीनाथ की जनता को रजेन्द्र भंडारी का अनावश्यक दल बदलना पसंद नहीं आया।


बद्रीनाथ सीट पर चार प्रत्यासी अपना भाग्य आजमा रहे थे। इसमें कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला को सबसे अधिक 28161 वोट मिले। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र सिंह भंडारी को 22937 वोट मिले। वहीं तीसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी नवल किशोर खाली को 1813 वोट और सैनिक समाज पार्टी के उम्मीदवार हिम्मत सिंह नेगी को सबसे कम 494 वोट मिले। उप चुनाव में 823 लोगों ने नोटा का प्रयोग किया।

राज्य विधानसभा के 2022 में हुए चुनाव में इस सीट पर राजेंद्र भंडारी को काग्रेस प्रत्याशी के तौर पर 32,661 मत और उनके निकटतम भाजपा प्रत्याशी महेन्द्र भट्ट को 30,595 मत मिले थे। उस समय मतदान इस बार से अधिक 68,211 हुआ था जिसमें से भंडारी को 47.88 % और भाजपा के महेन्द्र भट्ट को 44.85 % मत मिले थे। इस बार उप चुनाव में केवल 54,228 याने कि 59.8% ही मतदान हुआ था जिसमे से अकेले लखपत बुटोला 51.93 % मत हासिल करने में सफल रहे। वर्ष 2017 के चुनाव में भी विजयी भाजपा प्रत्याशी को 46.42 % ही  मत मिले थे। इन आंकड़ों से निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि राजेंद्र भंडारी के कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में जाने से बद्रीनाथ के मत दाताओं में कांग्रेस और कांग्रेस प्रत्याशी बुटोला के प्रति जबरदस्त सहानुभूति रही। जबकि  भाजपा और उसकी सरकार ने यह सीट जितने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। जनता  को अधिक विकास की गारंटी देने के साथ यह प्रचार भी किया गया कि चुनाव जीतने पर राजेंद्र भंडारी को अनुभव और राजनीतिक कद को देखते हुए धामी सरकार में मंत्री पद अवश्य मिलेगा।

निर्वाचन आयोग के सामान्य प्रेक्षक अनीता रामाचन्द्रन, जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार और रिटर्निंग ऑफिसर आरके पांडेय की देखरेख में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतगणना निर्धारित समय पर सुबह 8 बजे शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना की गई। इसके बाद 8 बजे से ईवीएम में पड़े मतों की गणना शुरू हुई। बद्रीनाथ सीट की मतगणना 15 राउंड में पूरी हुई। सभी राउंड की गणना पूरी होने के बाद आयोग के निर्देशानुसार एजेंटों की उपस्थिति में विधानसभा के 5 मतदेय स्थलों की वीवीपैट पर्चियों का मिलान भी किया गया। रिटर्निंग ऑफिसर आरके पांडेय ने उप चुनाव में विजेता रहे कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला को प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश सहित सभी नोडल अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!