Front Page

जबरन नगर पंचायत थराली में शामिल किये गये देवराड़ा के लोग नहीं देंगे वोट , प्रत्याशियों ने विरोधस्वरूप वापस लिए नाम

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 2 जनवरी। अब देवराड़ा वार्ड के नागरिकों ने एक बार फिर से नगर निकाय चुनावों के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। इसके तहत थराली नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 देवराड़ा से अध्यक्ष पद की दावेदार गोविंदी देवी एवं इस वार्ड से वार्ड सदस्य के दोनों दावेदारों ने अपना नाम वापस ले लिया हैं। नाम वापसी के चलते अब देवराड़ा वार्ड में सदस्य का पद रिक्त हो गया हैं।

गुरुवार को नगर निकाय के नाम वापसी के संबंध में जानकारी देते लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता एवं रिटर्निंग ऑफिसर दिनेश मोहन गुप्ता एवं थराली के तहसीलदार एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दिगम्बर सिंह नेगी ने बताया नाम वापसी के तहत देवराड़ा वार्ड से अध्यक्ष पद की दावेदार गोविंदी देवी ने अपना नाम वापस ले लिया है। जबकि देवराड़ा वार्ड नंबर 2 से दोनों उम्मीदवारों अनिता देवी एवं सीमा देवी ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। जिससे इस वार्ड से कोई भी वार्ड सदस्य का उम्मीदवार चुनाव मैदान में नही रह गया हैं।

बताया कि अब थराली नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से सुनीता देवी, भाजपा से सुमन देवी एवं एक मात्र निर्दलीय प्रीति देवी चुनाव मैदान में रह गए हैं। जबकि वार्ड नंबर एक भेटा में दो,वार्ड नंबर 3 अपर बाजार थराली में 3 एवं वार्ड नंबर 4 थराली में 4 उम्मीद चुनाव मैदान में रह गए हैं।नाम वापसी के दौरान थराली थानाध्यक्ष पंकज कुमार मय पुलिया फोर्स तहसील कार्यालय में मौजूद रहे।

देवराड़ा वार्ड के नागरिक लंबे समय से देवराड़ा को नगर पंचायत थराली से हटा कर पुनः ग्राम गपंचायत बनाएं जाने की मांग करते आ रहे हैं।इस मांग को लेकर 2024 में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनावों का देवराड़ा के ग्रामीणों ने बहिष्कार किया था।तब प्रशासन ने 6 ईडीसी वोट डलवाएं थे। नगर निकाय चुनावों की घोषणा होने के बाद देवराड़ा वार्ड से एक महिला गोविंदी देवी ने बकायदा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था।

इसके साथ ही पार्षद के पद के लिए अनिता देवी एवं सीमा देवी ने भी बकायदा नामांकन दाखिल किए थे, किंतु लंबे समय से चुनाव बहिष्कार करते आ रहे देवराड़ा के ग्रामीणों की गुरुवार को देवराड़ा में एक बैठक कर चुनाव बहिष्कार जारी रखने का ऐलान करते हुए प्रत्याशियों से नाम वापस लेने को कहा जिसके बाद प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!