क्षेत्रीय समाचार

सेलंग–सलूड़–डुंग्रा सड़क निर्माण में अनियमितताओं के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन

 

-प्रकाश कपरुवाण-
ज्योतिर्मठ, 3 फरवरी। आजादी के बाद वर्षों के संघर्ष के उपरांत किसी तरह सेलंग–सलूड़–डुंग्रा मोटर मार्ग तथा डुंग्रा से पगनो–मोल्टा सड़क निर्माण की स्वीकृति तो मिल गई, लेकिन इन सड़कों के निर्माण में मानकों की खुली अनदेखी कर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। इससे आक्रोशित सात ग्राम सभाओं के ग्रामीणों ने मंगलवार को ढोल-नगाड़ों के साथ तहसील मुख्यालय ज्योतिर्मठ में जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य कामरेड भरत सिंह कुंवर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार निर्माणदायी विभाग के अधिशासी अभियंता का पुतला लेकर पूरे नगर में प्रदर्शन किया और बाद में पुतला दहन किया। इसके उपरांत जुलूस की शक्ल में तहसील मुख्यालय पहुंचकर सांकेतिक धरना एवं जनसभा का आयोजन किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए कामरेड कुंवर ने कहा कि जानलेवा हालत में पहुंच चुकी इस सड़क की मरम्मत, चौड़ीकरण सहित अन्य कार्यों के लिए लगातार पत्राचार के बाद साढ़े आठ करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन यह धनराशि केवल कागजों में ही खर्च की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चौड़ीकरण के बजाय पुरानी दीवारों को खोलकर नई दीवारें बनाई जा रही हैं, जबकि डामर को खोदकर सड़क के दोनों ओर डंप कर दिया गया है, जो दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण है।
उन्होंने यह भी कहा कि सेलंग–सलूड़–डुंग्रा तथा डुंग्रा से मोल्टा–पगनो सड़क निर्माण में हो रहे भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर 16 जून 2025 को तत्कालीन जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया गया था। उस पर मुख्य विकास अधिकारी को जांच के आदेश भी दिए गए, लेकिन आज तक कोई जांच नहीं हो सकी। कामरेड कुंवर ने आरोप लगाया कि पूरा शासन-प्रशासन तंत्र भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है और बदहाल सड़कों पर जनता को मरने के लिए छोड़ दिया गया है।
पूर्व प्रधान दिगंबर सिंह बिष्ट के संचालन में हुई इस सभा को प्रभावित ग्राम सभाओं के प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, पूर्व प्रधानों एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के अलावा उत्तराखंड क्रांति दल के अरुण कुमार शाह तथा टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष चंडी बहुगुणा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
जनसभा के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने ज्योतिर्मठ तहसील मुख्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर संबंधित सड़कों पर हुई वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य नहीं कराया गया, तो क्षेत्र की समस्त जनता शासन-प्रशासन के खिलाफ जनआंदोलन शुरू करने को विवश होगी।
ज्ञापन पर कामरेड भरत सिंह कुंवर के अलावा सेलंग की प्रधान रोशना, पगनो के प्रधान रमेश चंद्र, डुंग्री बरोसी के प्रधान सुभाष, सलूड़ की प्रधान सुनीता देवी, मोल्टा की प्रधान संगीता देवी, पैनी की प्रधान विनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य वर्षा बिष्ट एवं मोनिका पंवार के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!