Front Page

पिथौरागढ़-मुनस्यारी व हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवाएं  शुरू

  • दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों को सुगम परिवहन होगा
  • राज्य के अन्य क्षेत्रों को भी हेली सेवाओं से जोड़ा जाएगा

 

देहरादून, 1 अक्टूबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम द्वारा क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी न केवल प्राचीन नगर हैं, बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह हेली सेवा पर्यटकों को इन क्षेत्रों तक तेज और सरल पहुँच उपलब्ध कराएगी। अब हल्द्वानी से अल्मोड़ा की 3-4 घंटे की यात्रा कुछ ही मिनटों में पूरी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी योजना ‘उड़ान’ ने उत्तराखंड में हवाई संपर्क को मज़बूत करने में अहम योगदान दिया है। इस योजना के अंतर्गत राज्य में कई हवाई पट्टियों और हेलीपोर्ट्स का विकास किया गया है। वर्तमान में राज्य के 18 हेलीपोर्ट्स में से 12 पर सेवाएँ संचालित हो रही हैं, जिनसे गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र जुड़ चुके हैं। आने वाले समय में अन्य स्थानों को भी हेली सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि हवाई संपर्क को सशक्त बनाने के साथ ही उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है। इसी दिशा में जौलीग्रांट और पंतनगर हवाई अड्डों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हेली सेवाओं का संचालन समय व किराया

पिथौरागढ़ से मुनस्यारी : सुबह 10:30 बजे एवं दोपहर 1:50 बजे

मुनस्यारी से पिथौरागढ़ : सुबह 10:50 बजे एवं दोपहर 2:10 बजे

हल्द्वानी से अल्मोड़ा : सुबह 11:50 बजे एवं दोपहर 3:10 बजे

अल्मोड़ा से हल्द्वानी : दोपहर 12:50 बजे एवं शाम 4:10 बजे

इन हवाई सेवाओं का किराया ₹2500 निर्धारित किया गया है। यात्री https://airheritage.in/ के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में सचिव युकाडा श्री सचिन कुर्वे एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!