क्राइम

पोखरी में पुलिस व होमगार्ड जवानों को क्राइम सीन जांच का प्रशिक्षण

पोखरी, 25 मार्च (राणा)। थाना पोखरी में पुलिस कर्मियों और होमगार्ड जवानों को आधुनिक क्राइम सीन जांच तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत द्वारा आयोजित किया गया, जिन्होंने भोपाल और गाजियाबाद के प्रशिक्षण केंद्रों से क्राइम संबंधी ऑल पर्पस क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट तथा एनडीपीएस माल डिटेक्शन किट का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
थाना परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों और होमगार्ड जवानों को क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें घटनास्थल की घेराबंदी, साक्ष्यों के संरक्षण और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण में फिंगरप्रिंट, फुटप्रिंट और ब्लड सैंपल जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और संकलित करने की तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को घटनास्थल पर की जाने वाली प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे उनकी कार्यकुशलता और जांच क्षमता को और मजबूत किया जा सके। जवानों ने किट का प्रयोग कर मौके पर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया को समझा और उसका अभ्यास किया।
इसके साथ ही एनडीपीएस माल डिटेक्शन किट के उपयोग की भी जानकारी दी गई। इसमें बताया गया कि बरामद संदिग्ध मादक पदार्थों की प्रारंभिक जांच किस प्रकार की जाती है, ताकि उनकी पुष्टि की जा सके और आगे की कानूनी कार्रवाई में सटीकता बनी रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और इसे अपने दैनिक कार्य में उपयोगी बताया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण से अपराध जांच की गुणवत्ता में सुधार होगा और मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!