पोखरी में पार्किंग व्यवस्था के अभाव से बढ़ी जाम की समस्या, लोगों ने की पार्किंग निर्माण की मांग
– राजेश्वरी राणा की रिपोर्ट –
पोखरी। नगर पंचायत क्षेत्र पोखरी तथा तहसील मुख्यालय में पार्किंग व्यवस्था के अभाव के कारण आए दिन जाम की समस्या से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तहसील मुख्यालय होने के कारण यहां नगर पंचायत कार्यालय, खंड विकास कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, ट्रेजरी कार्यालय तथा स्टेट बैंक सहित कई बैंकों की शाखाएं संचालित हैं। इसके अलावा क्षेत्र में बड़ी संख्या में सरकारी और निजी विद्यालय भी संचालित हो रहे हैं।
आबादी में लगातार वृद्धि और वाहनों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी के कारण पोखरी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। लेकिन समुचित पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण वाहन चालक सड़क किनारे आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।

स्थिति यह है कि विनायकधार तिराहे से टावर कॉलोनी तक, विनायकधार तिराहे से पेट्रोल पंप तक तथा विनायकधार तिराहे से पोस्ट ऑफिस गोल मार्केट तक अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इससे वाहन चालकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जाम की समस्या विशेष रूप से सुबह के समय, जब सरकारी कार्यालय और स्कूल-कॉलेज खुलते हैं, तथा शाम को कार्यालय बंद होने और विद्यालयों की छुट्टी के समय और अधिक गंभीर हो जाती है।
इस दौरान कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर पोखरी में स्थायी पार्किंग निर्माण की मांग उठाई है। ज्ञापन भेजने वालों में जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल निर्मोही, ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी, किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष विजयपाल सिंह रावत, व्यापार मंडल के जिला महामंत्री कुंवर सिंह चौधरी, रमेश चौधरी, संतोष चौधरी, विष्णु प्रसाद चमोला, राजेंद्र त्रिपाठी, फतेराम सती और देवेंद्र बर्तवाल सहित कई लोग शामिल हैं।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि जल्द पार्किंग का निर्माण किया जाए तो बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिल सकती है।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से पोखरी–विशाल मोटर मार्ग के गैर कटाह तथा पोखरी–देवस्थान मोटर मार्ग के गोदी बैड में पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन वन विभाग की आपत्ति के कारण फिलहाल निर्माण कार्य रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की आपत्ति दूर होते ही पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, जिससे नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सकेगी।
