विकासखंड स्तरीय कला उत्सव सम्पन्न, छात्र-छात्राओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

पोखरी, 1 अक्टूबर (राणा)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में विद्यालय शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय कला उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप शिक्षा अधिकारी कुमारी नेहा भट्ट ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को न केवल अपनी छुपी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति और लोक परंपराओं से भी गहरा जुड़ाव मिलता है।
ब्लॉक समन्वयक लता कोहली और सह-समन्वयक निशा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्र-छात्राओं के बहुमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं और उन्हें मंच पर अपने हुनर को निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता की विधाएँ और विजेता
कला उत्सव में शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय नृत्य, वाद्य यंत्र वादन, पारंपरिक लोक गायन, लोक नृत्य, कहानी वाचन, नाटक, मूर्तिकला और चित्रकला जैसी विधाओं में 10 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति को जीवंत प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर सजाया।
प्रमुख विजेता इस प्रकार रहे—
शास्त्रीय गायन: कु. मानसी, रा.इ.का. थालाबैड – प्रथम।
शास्त्रीय नृत्य: रा.बा.इ.का. पोखरी – प्रथम।
संगीत वादन (एकल): पीएम श्री अटल उत्कृष्ट रा.इ.का. रडुवा, चांदनीखाल – प्रथम।
संगीत वादन (समूह): रा.उ.मा.वि. वीणा – प्रथम।
अवनदवाद: रा.इ.का. थालाबैड – प्रथम।
लोक नृत्य: रा.इ.का. आली – प्रथम।
लोक गायन: रा.इ.का. आली – प्रथम।
कहानी वाचन: पीएम श्री अ.उ.रा.इ.का. रडुवा – प्रथम।
चित्रकला: कु. नेहा, रा.इ.का. देवीखेत – प्रथम।
मूर्ति कला: रा.इ.का. रडुवा एवं रा.बा.इ.का. पोखरी – संयुक्त प्रथम।
निर्णायक मंडल व मंच संचालन
निर्णायक मंडल में कुसुमलता गडिया, रेखा पटवाल राणा, शांति स्वरूप, अनुराधा राणा, रुचि बेस्ट, प्रीति, मस्तान कोठियाल, नागेंद्र बिष्ट, मनोज बर्तवाल, मनीषा नेगी और राकेश लाल शामिल रहे।
मंच संचालन की जिम्मेदारी रेखा पटवाल राणा और उर्मिला नेगी ने निभाई।
आयोजक और सहयोग
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी रावत, गंभीर असवाल और कॉलेज परिवार द्वारा किया गया।
विशेष सहयोग में महावीर सिंह जग्गी (अध्यक्ष, राजकीय शिक्षक संघ पोखरी), संदीप नेगी (महामंत्री) तथा नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने छात्र-छात्राओं हेतु जलपान की व्यवस्था की।
वहीं थालाबैड वार्ड के जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरित किया।
