क्षेत्रीय समाचार

पोखरी पुलिस ने स्थानीय बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

पोखरी, 7 फरवरी (राणा)। क्षेत्र में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से थाना पुलिस पोखरी द्वारा व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष रुकम सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में संचालित छह राष्ट्रीयकृत बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान बैंकों की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा गया। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बैंक प्रबंधकों से संवाद स्थापित कर सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता, बैकअप व्यवस्था तथा डाटा स्टोरेज की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही बैंकों में तैनात सुरक्षा कर्मियों की संख्या, उनके पास उपलब्ध असलहों की स्थिति तथा असलहा संचालन को लेकर दिए गए प्रशिक्षण की भी जांच की गई।

पुलिस टीम ने बैंक परिसरों में प्रतिदिन होने वाले ग्राहकों के आवागमन, नकद लेन-देन की स्थिति, सायरन एवं साइलेंट सायरन सिस्टम की उपलब्धता और उनकी कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया। इसके अलावा बैंकों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों का विवरण प्राप्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रभारी थानाध्यक्ष रुकम सिंह नेगी ने बैंक प्रबंधन एवं सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को दी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल भरत सिंह टोलियां सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!