क्षेत्रीय समाचार

होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर पुलिस-व्यापारियों की गोष्ठी आयोजित

 

पोखरी, 1 मार्च। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना पोखरी परिसर स्थित कस्बा वल्ली में सुरक्षा समिति सदस्यों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों तथा टैक्सी यूनियन प्रतिनिधियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के दिशा-निर्देशन में थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र कुमार पंत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

गोष्ठी के दौरान होली पर्व के मद्देनज़र क्षेत्र में कानून-व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और चाक-चौबंद बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि होली की फड़ एवं अस्थायी स्टॉल केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने उपस्थित लोगों से त्योहार के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांति व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि होली के नाम पर हुड़दंग, अशांति फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

गोष्ठी में एसआई रुकम सिंह, एसआई देवेंद्र सिंह, एसआई दलवीर सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल भरत सिंह टोलिया, नरेश, विनोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, महावीर चौधरी, दीपक चौधरी, प्रदीप पुरोहित, संदीप असवाल, करण सिंह सहित क्षेत्र के अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के साथ मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!