क्राइमक्षेत्रीय समाचार

पोखरी पुलिस के सत्यापन अभियान में 100 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का पंजीकरण

पोखरी, 18 फरवरी (राणा)। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से थाना पोखरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान का असर दिखने लगा है। अभियान के दूसरे दिन बुधवार को 100 से अधिक बाहरी व्यक्तियों ने थाने पहुंचकर अपना सत्यापन कराया।

थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत क्षेत्र में रहकर मजदूरी करने वाले, फड़-फेरी लगाने वाले, नौकरीपेशा लोग, दिहाड़ी मजदूर तथा किरायेदार बड़ी संख्या में पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर अपनी जानकारी दर्ज करा रहे हैं। बाहरी व्यक्तियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्र में सत्यापन के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किया गया है।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत कस्बा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में रह रहे बाहरी राज्यों के लोगों की पहचान कर उनका विधिवत सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस टीम संबंधित व्यक्तियों की मूल जानकारी, स्थायी पता तथा उनके गृह राज्य में किसी प्रकार की आपराधिक या विधिक कार्रवाई लंबित होने की स्थिति की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध पाया जाता है तो उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी संबंधित राज्य और थाने से प्राप्त की जाएगी। यह विशेष अभियान एक माह तक लगातार चलाया जाएगा, ताकि थाना क्षेत्र में रह रहे सभी बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।
थानाध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई बाहरी व्यक्ति बिना सत्यापन के रह रहा हो या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। समय पर सूचना और सत्यापन से संभावित अप्रिय घटनाओं को रोका जा सकता है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, आरक्षी नरेश सिंह, आरक्षी ललित मोहन, होमगार्ड प्रीति, होमगार्ड किरण और होमगार्ड सुखदेव सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!