पोखरी पॉलिटेक्निक की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न, विजेताओं को किया सम्मानित

पोखरी, 14 नवंबर (राणा)। विनायकधार मिनी स्टेडियम में आयोजित श्री नरेंद्र सिंह भंडारी राजकीय पॉलिटेक्निक पोखरी की दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता सोमवार को सम्पन्न हुई। समापन समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रीति भंडारी रहीं। उन्होंने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि प्रीति भंडारी ने कहा कि खेलकूद छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है, इसलिए ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य दिनेश कन्नौजिया, राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ पोखरी के खेल प्रशिक्षक अनूप रावत, सुदर्शन सिंह, नवीन चंद्र, विष्णु कुमार, अंकित असवाल, प्रदीप सिंह कठैत सहित संस्थान के कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
समापन दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए।
4×100 मीटर रिले रेस में मैकेनिकल द्वितीय वर्ष के साहिल सिंह, कैलाश सिंह, साहिल सिंह और हिमेश नेगी की टीम प्रथम रही। हाई जंप में साहिल सिंह प्रथम, अखिलेश रावत द्वितीय और दिव्यांशु तृतीय स्थान पर रहे। लॉन्ग जंप में अक्षत सिंह प्रथम, दिव्यांशु द्वितीय और सुमित जगवान तृतीय रहे।
जेवलिन थ्रो में अविजीत सिंह प्रथम, दीपक सिंह द्वितीय और गगन सिंह तृतीय रहे। डिस्कस थ्रो में अक्षय ने पहला, अविजीत सिंह ने दूसरा और दीपक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में अक्षय प्रथम, अविजीत सिंह द्वितीय और दिव्यांशु तृतीय स्थान पर रहे।
शतरंज प्रतियोगिता में अमन रावत प्रथम, नवीन भट्ट द्वितीय और आयुष सिंह तृतीय रहे। बैडमिंटन में दीक्षांत ने प्रथम, अनीश बर्तवाल ने द्वितीय और कृष राणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
