क्षेत्रीय समाचार

नागनाथ पोखरी इंटर कॉलेज में पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को दिए सुरक्षा के टिप्स

 

पोखरी, 4 अप्रैल। अटल उत्कृष्ट विद्यालय, राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज नागनाथ पोखरी में थाना पोखरी पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर अपराधों तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार पंत के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान आयोजित गोष्ठी में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। बताया गया कि नाबालिगों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा ट्रिपल राइडिंग से बचें।
साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने छात्रों को सचेत किया कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें। साथ ही किसी के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए।
महिला सुरक्षा के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों एवं कार्यस्थल पर होने वाले उत्पीड़न के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने तथा किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ज्ञानी लाल सैलानी, दिनेश चंद्र सती, अनूप रावत, उपनिरीक्षक रुकुम सिंह नेगी, कांस्टेबल भरत सिंह टोलिया, महिला होमगार्ड किरण पोखरियाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!