Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मुखवा के लिए रवाना हुई गंगा जी की डोली

उत्तरकाशी, 22 अक्टूबर। विश्वप्रसिद्ध  गंगोत्री धाम के कपाट बुधवार, 22 अक्टूबर (कार्तिक शुक्ल षष्ठी) को अन्नकूट पर्व के पावन अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में प्रातः 11 बजकर 36 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

इस अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा की उत्सव मूर्ति के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया। कपाट बंद होने के बाद जयकारों के बीच मां गंगा की उत्सव मूर्ति को परंपरानुसार डोली में विराजमान कर मुखवा गांव के लिए रवाना किया गया।

तीर्थ पुरोहितों की अगुवाई में डोली यात्रा लोक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ गंगोत्री धाम से निकली। डोली आज रात्रि में मार्कंडेयपुरी स्थित चंडी देवी मंदिर में विश्राम करेगी। गुरुवार को भैयादूज के दिन सोमेश्वर देवता की अगुवानी में डोली यात्रा मुखवा (मुखीमठ) पहुंचेगी, जहां उत्सव मूर्ति को शीतकाल के लिए गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा। शीतकाल में श्रद्धालु मुखवा स्थित गंगा मंदिर में मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

कपाटोद्घाटन से लेकर कपाटबंदी तक इस बार 7,57,010 तीर्थयात्रियों ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए।

उधर, श्री यमुनोत्री धाम के कपाट भी 23 अक्टूबर 2025 को भैयादूज पर्व के दिन अपराह्न 12 बजकर 30 मिनट पर बंद किए जाएंगे। शीतकाल के दौरान यमुना जी की उत्सव मूर्ति खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में विराजमान रहेंगी, जहां श्रद्धालु दर्शन और पूजन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!