क्षेत्रीय समाचार

तलवाड़ी कॉलेज की निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता में अनमोल और रेखा रहे प्रथम

थराली, 6 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी (थराली) में विभागीय परिषद कला संकाय के तत्वावधान में अंग्रेजी विभाग द्वारा आयोजित निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में अनमोल और रेखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
सोमवार को महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्य की अध्यक्षता में निबंध प्रतियोगिता (शीर्षक— Role of Women in Shakespearean Plays) तथा पोस्टर प्रतियोगिता (शीर्षक— Portraits of Romantic Age Poets) आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में बीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र अनमोल जोशी ने प्रथम, बीए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा किरन पिमोली ने द्वितीय तथा बीए छठे सेमेस्टर की छात्रा कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार पोस्टर प्रतियोगिता में बीए छठे सेमेस्टर की छात्रा रेखा ने प्रथम, बीए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा किरन पिमोली ने द्वितीय तथा बीए छठे सेमेस्टर की छात्राएं खस्ती पिमोली एवं दिव्या ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्य ने कहा कि विभागीय गतिविधियां शैक्षिक संस्थानों की गरिमा एवं गतिशीलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. जमशेद अंसारी ने किया, जबकि प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन समिति के सदस्य डॉ. नीतू पांडे, मोहित उप्रेती, डॉ. खेम करण सुमन, डॉ. पुष्पा रानी एवं अनुज कुमार ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. शंकर राम, डॉ. रजनी नेगी, डॉ. सुनील कुमार, मनोज कुमार, कुशलानंद सती, सुनील कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!