ढाक गांव के सादगीभरे व्यक्तित्व प्रेम बल्लभ थपलियाल नहीं रहे
पर्यटन मंत्री के पूर्व पीआरओ और जीएमवीएन के सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक थे थपलियाल, क्षेत्र में शोक की लहर
— प्रकाश कपरुवाण की रिपोर्ट —
ज्योतिर्मठ, 21 अक्टूबर। गढ़वाल मंडल विकास निगम के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक तथा उत्तराखंड के तत्कालीन पर्यटन मंत्री केदार सिंह फोनिया के जनसंपर्क अधिकारी रहे प्रेम बल्लभ थपलियाल के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
कुछ दिन पूर्व वे अस्वस्थता के कारण अपने मूल गाँव ढाक से देहरादून गए थे। रविवार सायं लगभग पाँच बजे उन्होंने हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से जोशीमठ क्षेत्र में शोक की गहरी छाया छा गई। वे अपने पीछे पत्नी और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
गढ़वाल मंडल विकास निगम में प्रबंधक से लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक तक का लंबा और सफल कार्यकाल निभाने वाले तथा राज्य गठन के बाद पर्यटन मंत्री के पीआरओ रहे श्री थपलियाल अत्यंत मिलनसार और सहज स्वभाव के व्यक्ति थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपने गाँव ढाक (जोशीमठ) में ही रहना पसंद किया और वर्षभर में आठ से दस महीने वहीं बिताते थे।
रविवार को उनकी गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने पर पूर्व राज्य मंत्री रामकृष्ण सिंह रावत, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुदर्शन सिंह भंडारी, कर्मकार बोर्ड सदस्य कृष्णमणि थपलियाल, कैलाश सेमवाल सहित अनेक लोग हिमालयन अस्पताल पहुँचे, परंतु देर सायं श्री थपलियाल ने अंतिम सांस ली।
सोमवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहाँ उनके पुत्र पंकज थपलियाल ने उन्हें मुखाग्नि दी।
श्री थपलियाल के निधन पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रिपुदमन सिंह रावत, बीकेटीसी के पूर्व सीईओ जे.एस. बिष्ट, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष माधव प्रसाद सेमवाल, व्यापार संघ जोशीमठ के पूर्व अध्यक्ष श्रीराम डिमरी, लक्ष्मण मेहता, विद्युत नियामक आयोग के सदस्य एवं बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, पूर्व प्रमुख ठाकुर सिंह राणा, सुभाष डिमरी, राकेश पंत, गोविंद सिंह पंवार, विक्रांत रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी लाल साह, हर्षवर्धन भट्ट, पूर्व प्रधान परमानंद पंत, भरत बिष्ट, ढाक ग्राम पंचायत के प्रधान मोहन लाल बजवाल, बलबीर बिष्ट, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, रोपवे परियोजना के पूर्व प्रबंधक दिनेश भट्ट, पूर्व प्रबंधक एल.पी. डिमरी, राजेश नंबूरी, जीएमवीएन कर्मचारी संघ के राजेंद्र डिमरी, जीएमवीएन जोशीमठ के प्रबंधक प्रदीप मंद्रवाल, औली के प्रदीप साह तथा स्की एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भट्ट सहित अनेक लोगों ने गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया।
