धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

चंडिका देवी मन्दिर् चमेठी में 2026 की बन्याथ यात्रा की तैयारियां तेज, 5–6 जनवरी को प्रमुख कार्यक्रम

 

पोखरी, 26 दिसंबर (राणा)। विकास खंड के अंतर्गत बारुली पट्टी के 84 गांवों की अधिष्ठात्री देवी राजराजेश्वरी मां चंडिका देवी, चमेठी (पोखरी) की वर्ष 2026 में प्रस्तावित बन्याथ यात्रा और नव फर्श निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में इसे लेकर खासा उत्साह है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक के अनुसार 5 जनवरी को ब्रह्म गुरु दीपक कुंवर उखीमठ से नव निर्मित फर्श और अन्य सामग्री के साथ पोखरी पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम होगा।

6 जनवरी को शोभायात्रा पोखरी से सिनाऊं गांव के लिए प्रस्थान करेगी, जहां तीन दिनों तक फर्श प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होगा। तीसरे दिन सायंकाल फर्श को चंडिका देवी मंदिर, चमेठी लाया जाएगा और दो दिनों तक शुद्धिकरण की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद चंडिका देवरा यात्रा की आगे की तैयारियों पर विचार किया जाएगा।

समिति की अगली बैठक 29 दिसंबर को होगी।

समिति अध्यक्ष बीरेंद्र राणा, उपाध्यक्ष महिधर पंत व हनुमंत सिंह असवाल, कोषाध्यक्ष कुंवर सिंह चौधरी और महामंत्री सतेन्द्र बुटोला ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चमेठी गांव के पंत पुजारी भी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। श्रद्धालुओं में मां चंडिका देवी के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!