धराली आपदा प्रभावितों के आवेदनों को डीएम ने दी त्वरित स्वीकृति
रोजगारपरक योजनाओं से कोई भी आपदा प्रभावित न रहे वंचित : जिलाधिकारी
उत्तरकाशी, 11 फरवरी। धराली आपदा से प्रभावित लोगों की आजीविका को सशक्त करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिला सभागार में आयोजित बैठक में दीन दयाल उपाध्याय होमस्टे योजना, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना तथा ट्रेकिंग ट्रैक्शन सेंटर (टीटीसी) योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की गठित चयन समिति के माध्यम से गहन समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होमस्टे योजनाओं के अंतर्गत इको-सेंसिटिव जोन को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक शैली में निर्मित प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाए, ताकि स्थानीय संस्कृति और पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
आपदा प्रभावित क्षेत्र धराली के निवासियों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वाहन मद में प्राप्त सभी आवेदनों को बिना किसी देरी के स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि रोजगारपरक योजनाओं के लाभ से कोई भी आपदा प्रभावित व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ट्रेकिंग ट्रैक्शन सेंटर योजना के अंतर्गत चार ट्रेकिंग सेंटरों से जुड़े 25 गांवों से प्राप्त आवेदनों के सभी दस्तावेजों की नियमानुसार जांच कर शीघ्र ऋण स्वीकृत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में कुल 45 आवेदनों की समीक्षा की गई, जिनमें वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वाहन मद में 08, गैर-वाहन मद में 01, दीन दयाल उपाध्याय होमस्टे योजना के अंतर्गत 10 तथा ट्रेकिंग ट्रैक्शन सेंटर योजना के अंतर्गत शेष आवेदन शामिल थे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी के.के. जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
