क्षेत्रीय समाचार

नरेंद्रनगर महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर  कार्यक्रम आयोजित

नरेंद्रनगर, 15 नवंबर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर टाउनहॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजपाल सिंह रावत और कार्यक्रम समिति के सदस्यों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की।

स्वागत भाषण में डॉ. संजय मेहर ने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। इसके बाद प्राध्यापक डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने ‘भारतीय सामाजिक व्यवस्था में जनजातीय समाज की भूमिका’ विषय पर विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के अगले सत्र में डॉ. सृचना सचदेवा ने स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज और उसके नेताओं की भूमिका पर उपस्थित छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. विक्रम सिंह बर्तवाल ने जनजातीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और जीवन-पद्धति के विविध पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजपाल सिंह रावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि जनजातीय समाज का उत्थान देश की समग्र प्रगति का संकेत है। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस को सामाजिक समावेशन और सांस्कृतिक सम्मान का अवसर बताया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. इमरान अली ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम समिति के सदस्यों डॉ. अंकिता रावत, मुनीन्द्र कुमार और भूपेंद्र खाती ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनों ने ‘बिरसा मुंडा अमर रहें’ का जयघोष किया। कार्यक्रम का छायांकन विशाल त्यागी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!