विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रमुख लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ

देहरादून 25 जनवरी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े कई गणमान्य एवं जागरूक नागरिकों ने उत्तराखंड कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे राज्य में बदलाव की शुरुआत करार दिया।

इस अवसर पर हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड में मौजूदा सरकार पूरी तरह दिशाहीन, अहंकारी और जनभावनाओं से कटी हुई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों का उत्पीड़न, महिलाओं की असुरक्षा और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहा खिलवाड़ आज आम जनता की सबसे बड़ी चिंताएं हैं। भाजपा सरकार ने जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय उत्तराखंड की अस्मिता और प्राकृतिक संसाधनों को चुनिंदा पूंजीपतियों के हितों के लिए गिरवी रख दिया है।
हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो संविधान, लोकतंत्र और आम आदमी के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक मजबूती से संघर्ष कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में शामिल हो रहे लोगों से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि राज्य में परिवर्तन की लहर शुरू हो चुकी है और अब जनता भाजपा के खोखले नारों और झूठे वादों में फंसने वाली नहीं है।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में नव पर्वतीय विकास संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में एडवोकेट प्रभाकर कुमार, एडवोकेट पंकज शर्मा, एडवोकेट नवीन कुमार, विनोद केसला, राधेश्याम, सुभाष कुमार, रेनू, अजय प्रधान, आर्यन प्रधान, मनमोहन मौर्य, यशोदा मौर्य, मदनलाल, शिवम, विकास राव, वसीम अली अहमद, प्रयास, रानी देवी, जरीना खातून, शांति देवी, गुलशन खान, नितेश सेठी सहित लगभग दो दर्जन लोग शामिल रहे।
नवप्रवेशी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि भाजपा सरकार की नाकामियों ने उन्हें कांग्रेस के साथ खड़ा होने को मजबूर किया है और राज्य को बचाने व जनहित की राजनीति को पुनः स्थापित करने के लिए यह कदम जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा ने किया। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, विशाल डोभाल सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में भाजपा सरकार के वादों, भ्रष्टाचार, संस्थागत दमन और फैसलों की कड़ी आलोचना की गई। उत्तराखंड कांग्रेस ने दोहराया कि आने वाले समय में भाजपा की हर जनविरोधी नीति का सशक्त और निर्णायक विरोध किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
