क्षेत्रीय समाचार

मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल जारी, लोनिवि का कामकाज पूरी तरह ठप

पोखरी, 11 फरवरी (राणा)। दो सूत्रीय मांगों को लेकर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की 9 फरवरी से जारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। हड़ताल के चलते विभाग का संपूर्ण कामकाज ठप हो गया है। देयकों का भुगतान नहीं हो पा रहा है और विभिन्न विभागीय प्रक्रियाएं बाधित हो गई हैं, जिससे ठेकेदारों के साथ-साथ निर्माण कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर मिनिस्टीरियल कर्मचारी पदोन्नति और पारस्परिक स्थानांतरण की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। कर्मचारियों ने विभागीय प्रांगण में एकत्र होकर नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन जारी रखा। हड़ताल के कारण विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित फाइलों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जिससे निर्माण कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। भुगतान अटकने से ठेकेदारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना स्थल पर देवेन्द्र कठैत, प्रदीप, अनूप परमार, मोहन लाल नाथ (वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी), अमित कुमार, गोकुल कोहली, आनंद नेगी सहित कई मिनिस्टीरियल कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि मिनिस्टीरियल कर्मचारियों की हड़ताल के कारण विभागीय कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं और नियमित कामकाज ठप पड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही समस्या का समाधान निकालने के प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!