ओलावृष्टि और तेज बारिश से खदेड़ पट्टी में गेहूं-जौ की फसल बर्बाद, किसान परेशान
पोखरी, 6 अप्रैल (राणा)। क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली। चंद्रशिला पट्टी के खदेड़ पट्टी क्षेत्र में तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
रडुवा, काणडई, चंद्रशिला, जौरासी, किमोठा, डुगर, तोणजी, सलना, नैल, नौली, गुणम, कलसीर, मसोली, पार्टी और जखमाला सहित कई गांवों में तेज हवाओं और ओलों ने भारी नुकसान पहुंचाया। खेतों में पकने के कगार पर पहुंच चुकी गेहूं और जौ की फसल काफी हद तक बर्बाद हो गई, वहीं साग-सब्जियों की खेती भी चौपट हो गई है।
भगत भण्डारी, रघुवीर नेगी, जगदीश नेगी और बीरेंद्र नेगी सहित कई काश्तकारों का कहना है कि इस समय धान की बुवाई का सीजन चल रहा है, लेकिन लगातार बारिश और अत्यधिक नमी के कारण खेतों की मिट्टी गीली हो गई है। ऐसे में बुवाई का कार्य करना मुश्किल हो गया है, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
तेज आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ भी टूटकर गिर गए। अचानक हुई इस तेज बारिश और ओलावृष्टि से क्षेत्र के काश्तकार हताश और परेशान हैं। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
