पोखरी क्षेत्र में बदला मौसम, हल्की बारिश से बढ़ी ठंड, किसानों के चेहरे खिले
पोखरी, 19 मार्च (राणा)। क्षेत्र में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। हल्की बारिश शुरू होने से एक ओर जहां ठंड ने फिर से दस्तक दे दी है, वहीं लोगों को दोबारा स्वेटर, जैकेट और अन्य गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं।
दूसरी ओर यह बारिश काश्तकारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है। सूखने के कगार पर पहुंच चुकी गेहूं, जौ, सरसों और साग-सब्जियों की फसलों को इस बारिश से नई जिंदगी मिली है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे काश्तकारों ने राहत की सांस ली है।
गजेंद्र नेगी, जीत सिंह बर्तवाल, सूरत बर्तवाल, आलम सिंह नेगी और संजय किमोठी सहित कई काश्तकारों का कहना है कि इस समय हुई बारिश फसलों की बढ़वार के लिए बेहद लाभकारी है। साथ ही, आगामी धान की बुवाई के लिए भी यह बारिश जमीन में नमी बनाए रखने में सहायक होगी।
इस बारिश से क्षेत्र के काश्तकारों में नई उम्मीद जगी है और बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ गई है।
