गौचर, भटनगर सिंचाई लिफ्ट पंप योजना की मरम्मत की तैयारी शुरू
अवर अभियंता ने ग्रामीणों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण

गौचर, 25 फरवरी (गुसाईं)। लघु सिंचाई विभाग ने जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुकी भटनगर सिंचाई लिफ्ट पंप योजना की मरम्मत की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को विभाग के अवर अभियंता ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ योजना का स्थलीय निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि गौचर हवाई पट्टी से प्रभावित भूमि की सिंचाई के उद्देश्य से वर्ष 2004 में भटनगर सिंचाई लिफ्ट पंप योजना का निर्माण किया गया था। समय के साथ योजना की पाइप लाइनें सड़-गल चुकी हैं, जबकि पंप की मोटरें बार-बार खराब हो रही हैं। इसके चलते काश्तकारों को समय पर सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मंगलवार को वार्ड सभासद विनोद कनवासी के नेतृत्व में अवर अभियंता महेंद्र सिंह चौहान और पंकज नेगी ने पाइप लाइनों और पंप हाउस का बारीकी से निरीक्षण किया तथा काश्तकारों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने बताया कि योजना की मरम्मत के लिए जिला योजना के अंतर्गत 20 लाख रुपये की मांग की गई है। धनराशि स्वीकृत होते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंप हाउस क्षेत्र में गंदगी फेंकने वालों को भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते गंदगी फैलाना बंद नहीं किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर राजे सिंह कनवासी, दिग्पाल गुसाईं, रामभरत भंडारी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
