सड़क सुरक्षा माह के तहत पोखरी पुलिस का जागरूकता अभियान
पोखरी (चमोली), 29 जनवरी (राणा)। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत थाना पोखरी पुलिस द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज उडामाण्डा, पोखरी में यातायात एवं सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य छात्र–छात्राओं को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों और महिला सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है, जिससे स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी गंभीर खतरा हो सकता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा ट्रिपल राइडिंग से बचने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए।
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों को डिजिटल सतर्कता के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें अनजान नंबरों से आने वाले कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनों, सुरक्षा उपायों और सहायता के विभिन्न माध्यमों की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत, उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, कांस्टेबल भरत सिंह टोलिया तथा महिला होमगार्ड ममता उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रशासन ने पुलिस द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी
