Front Pageआपदा/दुर्घटना

चमोली जिले के देवखाल में सड़क हादसे में यूजेवीएनएल के इंजीनियर की पत्नी और पुत्र समेत मौत

मृतक अरविन्द त्रिपाठी यूजेवीएनएल में देहरादून में अधशासी अभियंता थे

पोखरी, 23 अक्टूबर (राणा)। पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग पर दैवखाल के समीप गुरुवार दोपहर एक कार गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पांव निवासी अरबिद त्रिपाठी (55 वर्ष), जो देहरादून में जल विद्युत् निगम (यूजेवीएनएल) में अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात थे, दीपावली पर्व पर अपने परिवार सहित ससुराल दैवखाल आए हुए थे। गुरुवार दोपहर वे अपनी कार संख्या UK 07 FU 4317 से परिवार के साथ गांव पांव लौट रहे थे। लगभग तीन बजे के करीब जब वाहन भदूणा गांव के ऊपर से गुजर रहा था, तभी कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गिरने के बाद वाहन में आग लग गई और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

दुर्घटना में अरबिद त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनीता त्रिपाठी (51 वर्ष) तथा पुत्र अनत स्वरूप त्रिपाठी (21 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बड़ा पुत्र अम्बुज त्रिपाठी (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और राहत-बचाव कार्य प्रारंभ कराया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!