क्षेत्रीय समाचार

निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार से सड़क बनी खतरनाक, दो घंटे जाम से लोग परेशान

 

पोखरी, 20 मार्च (राणा)। लोक निर्माण विभाग के अधीन पोखरी–हापला–गोपेश्वर मोटर मार्ग पर बगथल गांव के नीचे तथा नारी गदेरे में स्कवर और काजवे के पुनर्निर्माण का कार्य ठेकेदार द्वारा किया जा रहा है। हालांकि कार्य की धीमी गति और लापरवाही के चलते सड़क की हालत अत्यंत खराब हो गई है। दोनों स्थानों पर सड़क कीचड़ में तब्दील होकर जानलेवा बन चुकी है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े सवारी वाहन और मालवाहक ट्रक-ट्राले गुजरते हैं, जो जोखिम उठाकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया है।
शुक्रवार को बगथल गांव के नीचे बजरी से भरा एक डंपर (हाइवा) कीचड़ में फंस गया, जिसके टायर धंस गए। इसके चलते करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और यात्रियों की मदद से डंपर को खाली कर किसी तरह सड़क किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों—किमोठा के प्रधान बाल ब्रह्मचारी हरिकृष्ण किमोठी, काण्डई चन्द्रशिला के प्रधान भगत, संदीप वर्तवाल, मनोज नेगी समेत अन्य लोगों—ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बगथल तथा नारी गदेरे में काजवे व स्कवर का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और सुचारू हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!