14 साल से अधर में जिलासू–आली मोटर मार्ग, निर्माण में देरी से बढ़ी परेशानी
पोखरी, 19 मार्च ( राणा)। लगभग 14 वर्षों से अधर में लटका जिलासू–आली मोटर मार्ग क्षेत्रीय जनता के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग उठाई है।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के अधीन 13 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग का निर्माण कार्य ठेकेदारों की लापरवाही और विभागीय सुस्ती के चलते वर्षों से लंबित पड़ा है। यह सड़क वर्ष 2012 में स्वीकृत हुई थी, लेकिन अब तक पूरी नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बताया गया कि आली से मस्ट गांव तक लगभग 6 किलोमीटर और जिलासू से मस्ट गांव तक करीब 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य पहले ही किया जा चुका है, लेकिन मस्ट गांव और जिलासू के बीच किमी 7 और 8 पर कटिंग का कार्य लंबे समय से अधूरा है। ग्रामीणों के विरोध के बाद विभाग ने जेसीबी के माध्यम से कटिंग कार्य शुरू तो किया, लेकिन पुश्तों का निर्माण नहीं होने और कार्य की धीमी गति के कारण सड़क के जल्द पूरा होने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।
सड़क अधूरी होने के कारण मस्ट, सौडामगरा, बीणा, नागधार, सतूण, आली, काणड ई, झिलोटी, शरणा, ऐरास, गिरसा और जिलासू क्षेत्र की ग्राम सभाओं के लोगों को पोखरी और गोपेश्वर जाने के लिए करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है।
जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन भेजने वालों में तेजपाल सिंह बर्तवाल, प्रभा देवी, अनूप प्रकाश चौहान, मदन सिंह राणा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
