पीएमजीएसवाई के अधीन रानो–सूगी–करछूना मोटर मार्ग गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों ने डीएम को भेजा ज्ञापन
पोखरी, 26 फरवरी (राणा)। विकासखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित रानो–बमोथ–करछूना खाल मोटर मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। कार्यदायी संस्था प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की लापरवाही के चलते सड़क का डामरीकरण पूरी तरह उखड़ गया है और मार्ग जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है।
यह मोटर मार्ग रानो, बमोथ, खाल, कुमेडा, गडूना, छदोली, सूगी और करछूना सहित कई ग्राम पंचायतों को मुख्य सड़क से जोड़ता है। प्रतिदिन इस मार्ग से छोटे-बड़े सवारी वाहन तथा मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही होती है। लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन चालक और यात्री जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात और रात्रि के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। गड्ढों के कारण वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, बावजूद इसके संबंधित विभाग द्वारा मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
राज्य आंदोलनकारी संगठन के तहसील अध्यक्ष कुंवर सिंह खत्री, कलम सिंह खत्री, प्रीतम ठाकुर, प्रदीप लखेड़ा और प्रकाश रावत सहित अनेक ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित कर सड़क की दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सड़क की मरम्मत और पुनः डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे कार्यदायी संस्था के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।
