संस्कृत विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने दिखाया उत्साह

पोखरी, 8 अप्रैल (राणा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में आज संस्कृत विभाग द्वारा विभागीय परिषद के तत्वावधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
लघु सिद्धांत कौमुदी सूत्र कंठपाठ प्रतियोगिता में कुमारी पार्वती (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम, श्रेया चौधरी (बीए षष्ठम सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा कुमारी आस्था (बीए षष्ठम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में कुमारी आस्था ने प्रथम, कुमारी पार्वती ने द्वितीय और कुमारी लक्ष्मी (बीए षष्ठम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में श्रेया चौधरी ने प्रथम, कुमारी आस्था ने द्वितीय और कुमारी सृष्टि (बीए षष्ठम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेता छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रीटा शर्मा द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्कृत न केवल भारत बल्कि विश्व की अनेक भाषाओं की जननी है। इसके अध्ययन से जहां रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, वहीं यह मानव के संस्कारों और मानवीय गुणों का भी विकास करती है।
मुख्य वक्ता डॉ. संजीव कुमार जुयाल ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां आत्ममूल्यांकन का अवसर प्रदान करती हैं। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. नंदकिशोर चमोला ने हिंदी और संस्कृत विषयों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डॉ. रामानंद, डॉ. आयुष बर्तवाल एवं चंद्रेश प्रसाद ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत विभाग प्रभारी डॉ. प्रवीण मैठाणी द्वारा किया गया।
