क्षेत्रीय समाचार

सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने सांसद बलूनी का जताया आभार

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-

थराली/देवाल। वीरभूमि सवाड़ में लंबे समय से प्रतीक्षित केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी से भेंट कर उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा थराली विधानसभा क्षेत्र की अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की।

विकास खंड देवाल के सैनिक बाहुल्य ग्राम सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस निर्णय से देवाल क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है। गत दिवस थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सवाड़ में केवी की स्वीकृति दिलाने में सांसद द्वारा किए गए प्रयासों के लिए उनका धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र की एक दशक पुरानी मांग पूरी हुई है।

इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने 2026 में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध श्री नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों की जानकारी सांसद को दी और तैयारियों में तेजी लाने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। सांसद बलूनी ने यात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने थराली क्षेत्र में हाल में हुई प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की जानकारी भी सांसद को दी। इस पर सांसद बलूनी ने आपदा प्रभावितों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।

देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत ने पिंडर घाटी में स्थापित बीएसएनएल मोबाइल टावरों का संचालन शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की, जिस पर सांसद ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में डीएवी देहरादून के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दयाल बिष्ट, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, नरेंद्र सिंह बिष्ट, सवाड़ अमर शहीद मेला समिति के अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट, थराली के पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, विधायक प्रतिनिधि देव सिंह नेगी, गोविंद सिंह, नंदन सिंह, महावीर सिंह और धन सिंह धपोला सहित अनेक लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!