थाना पोखरी का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

पोखरी, 25 फरवरी (राणा)। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को उपजिलाधिकारी अबरार अहमद ने थाना पोखरी का अर्धवार्षिक औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश जारी किए।
एसडीएम ने सबसे पहले थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद मालगृह, पुरुष एवं महिला हवालात का अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति परखी। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर देते हुए विभिन्न रजिस्टरों की जांच की और सभी रिकॉर्ड समय-समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाने में लंबित प्रार्थना पत्रों एवं उनसे संबंधित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। उपजिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से थाने के चक्कर न लगाने पड़ें, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
एसडीएम ने माल मुकदमाती तथा लावारिश वाहनों के निस्तारण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय से खड़े वाहनों के कारण थाना परिसर की व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में पुलिस कर्मियों के लिए बने आवासीय भवनों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। जर्जर हिस्सों की मरम्मत एवं आवश्यक रिपेयर कार्य शीघ्र कराने के लिए संबंधित विभागों से पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह नेगी, आरक्षी नरेश सिंह, विनोद कुमार, गौरव, होमगार्ड किरण प्रीति, सुखदेव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के अंत में उपजिलाधिकारी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनसुनवाई को प्रभावी बनाना आवश्यक है, जिससे पुलिस और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
