क्राइमक्षेत्रीय समाचार

अवैध खनन में लगी जेसीबी और ट्रैक्टर सीज, ठेकेदार को एसडीएम की सख्त चेतावनी

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 9 अप्रैल। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) थराली पंकज भट्ट ने ग्वालदम-नन्दकेशरी राजमार्ग संख्या-91 पर अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया। इसके अलावा एसडीएम ने मोटरमार्ग पर चल रही अनियमितताओं को सुधारने के लिए संबंधित ठेकेदार को सख्त चेतावनी जारी की है।

उल्लेखनीय है कि तहसील क्षेत्र थराली में क्रेशर और खनन पट्टों में बरती जा रही अनियमितताओं तथा नियम-कानूनों को दरकिनार कर किए जा रहे कार्यों के खिलाफ एसडीएम पंकज भट्ट लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं। उनके इन कदमों से क्रेशर स्वामियों और खनन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में हड़कंप मचा हुआ है।

इसी क्रम में गुरुवार को एसडीएम पंकज भट्ट ने ग्वालदम-नन्दकेशरी राजमार्ग पर लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे पुनर्निर्माण कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग थराली के अधीन इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण का टेंडर जेड़ी ग्रुप, श्यामपुर ऋषिकेश को आवंटित किया गया है। ठेकेदार द्वारा पिछले दो-तीन महीनों से सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है।

एसडीएम भट्ट के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। सड़क पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायत के आधार पर निरीक्षण करने पर पाया गया कि सड़क किनारे पहाड़ियों पर वन विभाग की भूमि से ठेकेदार द्वारा बड़े स्तर पर अवैध खनन किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और कार्य में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि सड़क निर्माण के दौरान पहाड़ी हिस्सों से अवैध रूप से खनन किया जा रहा है तथा खनिज परिवहन में प्रयोग की जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रही हैं। इसके साथ ही एक जेसीबी मशीन में ब्रेकर लगाकर अवैध खनन गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उपजिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन को सीज कर दिया। साथ ही सड़क निर्माण कार्य कर रही देवभूमि कंस्ट्रक्शन के खिलाफ अवैध खनन की धाराओं में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।

एसडीएम पंकज भट्ट ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन एवं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बिना नंबर प्लेट के चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!