क्षेत्रीय समाचार

एसडीएम अबरार अहमद का पोखरी से गैरसैंण में हुआ स्थानांतरण

 

पोखरी, 17 मार्च (राणा)। तहसील पोखरी में कार्यरत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अबरार अहमद के गैरसैंण तहसील में स्थानांतरण पर सोमवार को तहसील सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर तहसील कर्मचारियों और अधिकारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा फूल-मालाओं से सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी।
अबरार अहमद का पोखरी तहसील से विशेष जुड़ाव रहा है। वह दो बार यहां एसडीएम के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पहले उनका स्थानांतरण थराली तहसील में हुआ था, लेकिन बाद में वह पुनः पोखरी लौट आए। हाल ही में जिलाधिकारी के आदेश पर उनका स्थानांतरण गैरसैंण तहसील कर दिया गया है।
विदाई समारोह में तहसीलदार जिनेन्द्र सिंह रावत ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि अबरार अहमद ने अपने कार्यों से प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में कर्मचारियों को कार्य करने की नई दिशा और प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि उनके स्थानांतरण से तहसील को एक अनुभवी और कर्मठ अधिकारी की कमी महसूस होगी।
अपने संबोधन में अबरार अहमद ने पोखरी में बिताए समय को याद करते हुए कहा कि यहां के कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और क्षेत्र की जनता से उन्हें सदैव सहयोग और समर्थन मिला। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां का अनुभव उनके लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा।
इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी सिताबू लाल, नाजिर मनीष चंद्र, कानूनगो प्रदीप रावत, राजस्व उपनिरीक्षक नीरज स्वरूप, कुलदीप शाह, सूरज थपलियाल, विजय डुंगरियाल, प्रदीप पुजारी, किरण, सोनू, शुभम सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!