क्षेत्रीय समाचार

नरेन्द्रनगर महाविद्यालय में पत्रकारिता विभाग की छात्र परिषद द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

 

नरेन्द्रनगर, 6 अप्रैल। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर में IQAC के बैनर तले पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की छात्र विभागीय परिषद द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ वृत्तचित्र निर्माण और भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रणिता नंद द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य उन्मुख विषयों पर गहन अध्ययन और विमर्श के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं—मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति, गौरा नंदा छात्रवृत्ति, निर्धन छात्रवृत्ति, अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति तथा इंसपायर छात्रवृत्ति—पर व्यापक सेमिनार आयोजित करने का सुझाव दिया, जिससे छात्र अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें और अन्य विद्यार्थियों को भी इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर सकें।

इस अवसर पर विभाग प्रभारी डॉ. सृचना सचदेवा ने वृत्तचित्र निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को इसमें सक्रिय रूप से भाग लेने और अपनी सृजनात्मकता तथा विश्लेषणात्मक समझ को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। वृत्तचित्र निर्माण प्रतियोगिता में बीए ऑनर्स पत्रकारिता एवं जनसंचार द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा ऋषिका रमोला ने प्रथम स्थान, कल्पना त्यागी ने द्वितीय स्थान तथा रंजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में बीए ऑनर्स पत्रकारिता एवं जनसंचार छठे सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान बीए ऑनर्स पत्रकारिता एवं जनसंचार द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं ऋषिता एवं प्रियंका ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। तृतीय स्थान कल्पना को प्राप्त हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!