पोखरी के थालाबैड़ में जनता दरबार, 33 शिकायतें दर्ज; अधिकांश का मौके पर निस्तारण
पोखरी, 2 फरवरी (राणा)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड़ में सिंचाई, लघु सिंचाई एवं संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी और कृषि सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 33 शिकायतें दर्ज की गईं।
नालडूंगा निवासी अनूप नेगी ने शिकायत दर्ज कराई कि विकासखंड प्रांगण में एक माह पूर्व आयोजित जनता दरबार में उनके टेंट हाउस की सेवाएं ली गई थीं, लेकिन अब तक किराया भुगतान नहीं हुआ है। ग्राम प्रधान हरिशंकर रिक्की चौधरी ने पोखरी–वल्ली हरिशंकर मोटर मार्ग पर पुस्तों, स्कवर एवं नालियों के निर्माण की मांग रखी। विंगढ के पूर्व ग्राम प्रधान हर्षवर्धन चौहान ने श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाए जाने के लिए पोखरी में श्रम विभाग का शिविर लगाए जाने की मांग उठाई।
पीटीए अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड़ में मुख्य भवन निर्माण और रिक्त शिक्षक पदों पर शीघ्र नियुक्ति की आवश्यकता जताई। नौठा निवासी देवी प्रसाद सती ने बंदर व लंगूर जैसे वन्य जीवों के आतंक से निजात तथा सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाया। थालाबैड़ निवासी नारायणी देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की मांग रखी। वहीं, थालाबैड़ वार्ड से जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह राणा ने क्षेत्र में गैस आपूर्ति की समस्या, पोखरी–वल्ली हरिशंकर मोटर मार्ग की बदहाली और रौता गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे कार्यों की शिकायत दर्ज कराई।
जनता दरबार में अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में समाधान के निर्देश दिए गए। सचिव युगल किशोर पंत ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम से पूर्व राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड़ के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। जनता दरबार के दौरान पशुपालन, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, शिक्षा, समाज कल्याण और बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर दर्जाधारी राज्यमंत्री रामचंद्र गौड़, क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अबरार अहमद, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार सैनी, तहसीलदार जिनेंद्र सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनमोहन सिंह विजलवाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
