Front Page

बदरी-केदार समेत उत्तराखण्ड की ऊंची पहाड़ियां बर्फ से हुयीं लकदक

देहरादून, 2 दिसम्बर(उ.हि.)। उत्तराखण्ड के विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा बदरीनाथ-केदारनाथ सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठण्ड बढ़ गयी है।

उत्तराखंड में गुरुवार को भी सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ हुई। वहीं, प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए हैं। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई और इसके बाद बर्फबारी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों खासकर 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले पिथौरागढ़, चमोली और बागेश्वर जिलों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

पिथौरागढ़ और बागेश्वर के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी और कुमाऊं भर में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उच्च हिमालयी क्षेत्र हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, दारमा, व्यास, चौंदास वैली में बुधवार शाम हिमपात हुआ। बागेश्वर में पिंडर घाटी के जातोली, फुर्किया, धाकुड़ी के ऊंचाई वाले स्थानों में हल्की बर्फबारी हुई। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के कारण चली ठंडी हवाएं लोगों को ठिठुराती रहीं।

नीती घाटी में बहने वाले झरने व गाड-गदेरे बर्फ में तब्दील हो गए हैं। माणा घाटी में भी नाले जम गए हैं। नीती घाटी में ऋषिगंगा भी पूरी तरह से जम गई है। मंगला कोठियाल का कहना है कि बारिश, बर्फबारी न होने से कोरी ठंड पड़ रही है। नगर क्षेत्रों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। जोशीमठ के साथ ही पोखरी, घाट, गैरसैंण, थराली, देवाल, कर्णप्रयाग, गौचर, पीपलकोटी और निजमुला घाटी में भी सुबह, शाम को शीतलहर चल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसम्बर को प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से हल्की वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि शेष जिलों में मौषम शुष्क रहने की संभावना है। समुद्रतल से 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है।

अल्मोड़ा में वृहस्पतिवार 2 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री संल्सियस रिकार्ड किया गया हो मगर आने वाले दिनों में वहां निरन्तर ठण्ड बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा में 3 दिसम्बर को 8 डिग्री, 4 दिसम्बर को 6 डिग्री, 5 को 7 डिग्रीए 6 और 7 दिसम्बर को 5 डिग्री तथा 8 दिसम्बर को 4 डिग्री संल्सियस तक गिरने का अनुमान है। देहरादून में 2 दिसम्बर को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रिकार्ड किया गया, इसके 8 दिसम्बर तक गिर कर 8 डिग्री संल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। लेकिन राजधानी में दिन का तापमान 8 दिसम्बर तक 23 डिग्री तक जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!