गोपेश्वर में सांसद खेल महोत्सव 2025 की जिलास्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न

गोपेश्वर, 21 दिसंबर। सांसद खेल महोत्सव 2025 की जिलास्तरीय प्रतियोगिताएं स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोपेश्वर में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। महोत्सव के द्वितीय दिवस जिले के सभी विकास खंडों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 35 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ मुख्य अतिथि बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत, भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनोज, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री विनोद कनवासी तथा दशोली के ज्येष्ठ प्रमुख विपिन कंडारी ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण क्षेत्रों के खेल प्रतिभाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर आगे बढ़ सकते हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल ने कहा कि पूर्व में संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों से आज बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के लिए पर्याप्त संसाधन और मंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
गढ़वाल लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के सह-संयोजक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि सांसद अनिल बलूनी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अवसर प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में यह एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने बताया कि लोकसभा स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि चमोली जिले के खिलाड़ियों ने पूर्व में विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है और पूर्ण विश्वास है कि सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने वाले खिलाड़ी संसदीय क्षेत्र स्तर पर भी प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे। भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी ने कहा कि बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी भविष्य के लिए शुभ संकेत है।
इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष गोपेश्वर सत्येंद्र असवाल, बद्रीनाथ विधानसभा संयोजक महेंद्र सिंह राणा, पोखरी मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, दशोली मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, जोशीमठ मंडल अध्यक्ष अमित सती, नंदी राणा, सतेश्वरी टम्टा, दीप्ति कोठियाल, आशा नेगी, ज्योति मैठाणी, नगर पार्षद संजय कुमार, दीपक भट्ट, दीपक बिष्ट, प्रभारी खेल अधिकारी रश्मि बिष्ट, मंडल महामंत्री भारत गढ़िया, सोशल मीडिया प्रमुख सुरेंद्र सिंह नेगी, सूबेदार सुरेंद्र सिंह तोपाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
