तलवाड़ी कालेज में रजत जयंती समारोह पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 8 नवंबर। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती समारोह के तहत राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्य और नोडल अधिकारी डॉ. पुष्पा रानी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रजत जयंती समारोह के अंतर्गत रोवर-रेंजर्स, कला संकाय परिषद और विज्ञान संकाय परिषद के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “उत्तराखंड के पच्चीस वर्षों का विकास” रहा। प्रतियोगिता में पक्ष की ओर से प्रियंका देवराड़ी, स्वीटी, लक्ष्मी रतूड़ी, अनिल पुरोहित, तनुजा और राहुल कुमार ने राज्य में हुए विकास कार्यों को रेखांकित किया। वहीं विपक्ष की ओर से अंकित पुरोहित, रिया चंदोला, दीपक देवराड़ी, मनमोहन सिंह, हिमांशी और भावना पुरोहित ने बढ़ते भ्रष्टाचार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, रोजगार संकट, स्थानीय उत्पादों की अनदेखी और जंगली जानवरों के आतंक जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता में स्थानीय त्रिशूल चोटी और आसपास के सौंदर्य पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें कशिश रावत, अभिषेक भंडारी, हिमांशी, भावना पुरोहित, अभिषेक सिंह, मणिकर्णिका और चंद्रकला जोशी ने भाग लिया। इसके अलावा विभिन्न विषयों पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ।
इन प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. रजनीश कुमार, डॉ. नीतू पांडे, सुनील कुमार, सुधा रानी, डॉ. निशा ढौडियाल, डॉ. ललित जोशी, सुनीला कुमार, मोहित उप्रेती और डॉ. जमशेद अंसारी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने किया।
अंत में डॉ. खेमकरण सोमन, डॉ. सुनील कुमार, रजनी नेगी, अनुज कुमार और योग प्रशिक्षक कुशलानंद सती ने उत्तराखंड के 25 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।
