क्षेत्रीय समाचार

जोशीमठ महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया राज्य स्थापना का रजत जयंती समारोह

शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, छात्रों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

ज्योतिर्मठ, 09 नवम्बर (कपरुवाण)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राज्य निर्माण के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे शहीदों और हजारों राज्य आंदोलनकारियों ने हमें जो राज्य दिया है, उसे आर्थिक, शैक्षिक, धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य के बहुआयामी विकास के लिए राज्य और केंद्र सरकारें कृतसंकल्पित हैं। श्री सती ने कहा कि जोशीमठ महाविद्यालय से उनका गहरा लगाव है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए वे हर संभव सहयोग देंगे। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में गर्म और ठंडे पानी की व्यवस्था कराने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी चमोली के अध्यक्ष ओमप्रकाश डोभाल ने कहा कि प्राकृतिक और सांस्कृतिक रूप से संपन्न उत्तराखंड में विकास, रोजगार और खुशहाली की अपार संभावनाएं हैं, जिनके साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका होगी।

पीटीए अध्यक्ष कलम सिंह राणा ने कहा कि उत्तराखंड को उन शहीदों के सपनों के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए, जिन्होंने इस राज्य के लिए संघर्ष किया। उन्होंने राज्य की सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने पर बल दिया।

अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण उन्होंने अपनी आंखों के सामने देखा है। उन्होंने कहा कि राज्य ने शिक्षा और स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, परंतु कई ऐसे मोर्चे हैं, जहाँ विकास की दिशा और गति बढ़ाने की जरूरत है।

महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. चरण सिंह केदारखंडी और इतिहासकार डॉ. रणजीत सिंह मर्तोलिया ने अपने विचार रखते हुए कहा कि पहाड़ की अस्मिता, बोली-भाषा, खानपान और संस्कृति को केवल मंचों तक सीमित न रखकर जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

इस अवसर पर डॉ. धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एनएसएस की इकाई ने एक दिवसीय स्वच्छता शिविर का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने आकर्षक लोकनृत्य, समूह गीत, एकल नृत्य और स्लोगन प्रतियोगिता की प्रस्तुतियां दीं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की।

‘उत्तराखंड के 25 वर्ष : उपलब्धियां और चुनौतियां’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रियांशी भट्ट ने प्रथम, अनुपमा ने द्वितीय और प्रेरणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एकल नृत्य में करिश्मा प्रथम, खुशी द्वितीय और सोनाली तृतीय रहीं।
गायन प्रतियोगिता में आयशा प्रथम, प्रभा द्वितीय और प्रेरणा तृतीय रहीं।
समूह नृत्य में दीया एवं साथियों ने प्रथम, मुस्कान एवं साथियों ने द्वितीय और खुशी एवं साथियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निर्णायक मंडल में डॉ. उपेंद्र राणा, डॉ. मोनिका सती, डॉ. किशोरी लाल, डॉ. नेपाल सिंह और डॉ. राहुल मिश्रा शामिल रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. नवीन पंत ने किया।

समारोह का समापन वंदे मातरम् की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!