क्षेत्रीय समाचार

डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, विभागीय कामकाज प्रभावित

 

पोखरी, 27 मार्च (राणा)। डिप्लोमा इंजीनियर्स की 27 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते लोक निर्माण विभाग, खंड विकास कार्यालय और नगर पंचायत सहित कई विभागों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
इंजीनियर्स वेतन विसंगति दूर करने, कनिष्ठ अभियंताओं को 1 जनवरी 2006 से 4600 ग्रेड पे देने, पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। हड़ताल के कारण मार्च माह में होने वाले जरूरी कार्य, फाइलों के निस्तारण और ठेकेदारों के भुगतान पर भी असर पड़ रहा है, जिससे विकास कार्यों की रफ्तार थम सी गई है।
हड़ताली इंजीनियर्स का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हड़ताल में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ज्योति सिंह रावत, अवर अभियंता शुभम मलेठा, अंकित पंवार, अमित पंवार, सुनीता, रिया नेगी और रुपेश नेगी सहित कई डिप्लोमा इंजीनियर्स शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!