डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल छठे दिन भी जारी, ठेकेदार संघों का समर्थन मिला
थराली, 28 मार्च (हरेंद्र बिष्ट)। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के आंदोलन को अब ठेकेदार संघों का भी समर्थन मिलने लगा है। महासंघ के बैनर तले अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल छठे दिन भी जारी रही।
अस्थायी खंड लोक निर्माण विभाग थराली के कार्यालय परिसर स्थित धरना स्थल पर अभियंताओं ने छठे दिन भी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और मांगों के समर्थन में धरना दिया। इस दौरान अभियंताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि महासंघ के सभी सदस्य एकजुट हैं और मांगों के समाधान तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
हड़ताल के छठे दिन थराली, देवाल और नारायणबगड़ क्षेत्रों के अभियंता धरने में शामिल रहे। इनमें दयाशंकर बधाणी, संतोष पंत, प्रेम जोशी, संतोष नेगी, आशीष रावत, नंदकिशोर भारती, सचिन कुमार, आदित्य कुमार, मुकुल कंबोज, अंकित सिलोड़ी, संदीप सिंह, उदय कुमार, मनीष रावत, दीक्षा चौहान, विकास राणा, शुभम प्रजापति, संदीप कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
इधर, ठेकेदार संघ देवाल के अध्यक्ष पुष्कर सिंह फर्स्वाण तथा पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरेंद्र सिंह कोटेड़ी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि अभियंताओं के कार्य बहिष्कार के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द महासंघ के साथ वार्ता कर जनहित में हड़ताल समाप्त कराने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
