जोशीमठ कॉलेज के छात्रों ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान
ज्योतिर्मठ, 26 फरवरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ‘नमामि गंगे इकाई’ द्वारा कॉलेज परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य धर्म एवं पर्यटन नगरी ज्योतिर्मठ में स्वच्छता की संस्कृति को विकसित करने के संकल्प को साकार करना था।
कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता की संस्कृति विकसित भारत की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने कहा कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ को इस दिशा में एक प्रेरणास्रोत की भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला और छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
अभियान में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
