हल्द्वानी दौरे में किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ोतरी पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया

हल्द्वानी, 3 दिसंबर।।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के हल्द्वानी आगमन पर क्षेत्र के किसानों ने गन्ना समर्थन मूल्य में हाल ही में की गई उल्लेखनीय वृद्धि के लिए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और राज्य सरकार के इस निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को गन्ना तथा पर्वतीय क्षेत्रों की पारंपरिक कृषि उपज—गडेरी, माल्टा, अदरक और शहद—से भरी एक विशेष टोकरी भेंट की। नेगी ने कहा कि राज्य सरकार के इस फैसले से लगभग तीन लाख गन्ना किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौरतलब है कि उत्तराखंड सरकार ने हाल ही में गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। अब शीघ्र प्रजाति वाले गन्ने का समर्थन मूल्य ₹375 से बढ़कर ₹405 प्रति क्विंटल और सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹365 से बढ़कर ₹395 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी के साथ उत्तराखंड अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी अधिक गन्ना समर्थन मूल्य देने वाला राज्य बन गया है, जिससे किसानों में उत्साह है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति राज्य सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने वालों में राज्य किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट, संदीप कुकसाल, हरीश सुनाल, नरेंद्र मेहरा, सोबन सिंह, भैर सिंह सहित अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
